Home » देश » कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी का संदेश, वीरों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी का संदेश, वीरों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सीएम योगी ने वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1999 के करगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि यह दिन भारतीय जवानों की असाधारण वीरता और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा,

“करगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। यह दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। देश के प्रति उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। जय हिन्द! जय भारत!”

प्रधानमंत्री मोदी ने किया वीरों का स्मरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिन भारत के वीर जवानों के साहस और शौर्य की गौरवगाथा को याद करने का अवसर है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,

“देशवासियों को करगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यह अवसर हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के अप्रतिम साहस और शौर्य का स्मरण कराता है जिन्होंने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। भारतीय सशस्त्र बलों की यह विजय करगिल की ऊंची पहाड़ियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ने में उनकी सफलता का प्रतीक है।”

सीएम योगी आदित्यनाथ का संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर वीर सैनिकों को नमन करते हुए लिखा,

“भारतीय सशस्त्र बलों के अद्भुत शौर्य, अटूट संकल्प और अक्षुण्ण राष्ट्रभक्ति के प्रतीक ‘कारगिल विजय दिवस’ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ दुर्गम पर्वतों पर पराक्रम की अमर गाथा रचने वाले माँ भारती के अमर वीरों को कोटिशः नमन! जय हिंद!”

गौरतलब है कि हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1999 में इस दिन भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। लद्दाख के करगिल क्षेत्र में तीन महीने तक चले संघर्ष के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ते हुए विजय हासिल की थी।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This