Home » अंतर्राष्ट्रीय » **थाईलैंड-कंबोडिया तनाव: अब तक 32 की मौत, हजारों लोग बेघर; भारत ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी**

**थाईलैंड-कंबोडिया तनाव: अब तक 32 की मौत, हजारों लोग बेघर; भारत ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी**

थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष चौथे दिन भी जारी, अब तक 32 की मौत और हजारों विस्थापित; भारत ने जारी की एडवाइजरी

सुरिन (थाईलैंड): थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद के चलते जारी हिंसक संघर्ष चौथे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक इस झड़प में दोनों देशों में कुल 32 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोग अपने घर छोड़कर अस्थायी शिविरों में शरण लेने को मजबूर हुए हैं। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और संघर्ष और तेज़ होने की आशंका जताई जा रही है।

संयुक्त राष्ट्र ने बुलाई आपात बैठक
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार देर रात न्यूयॉर्क में इस मुद्दे पर एक आपात बैठक आयोजित की। हालांकि बैठक के बाद कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन एक राजनयिक के मुताबिक, परिषद के सभी 15 सदस्य देशों ने थाईलैंड और कंबोडिया से संयम बरतने और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की। साथ ही दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन आसियान से भी इस मामले में मध्यस्थता करने का अनुरोध किया गया।

आसियान अध्यक्ष मलेशिया की भी अपील
फिलहाल आसियान की अध्यक्षता कर रहे मलेशिया ने भी दोनों पक्षों से तत्काल संघर्ष विराम की अपील करते हुए मध्यस्थता की पेशकश की है। संयुक्त राष्ट्र में कंबोडिया के राजदूत छिया केओ ने बताया कि आपात बैठक बुलाने की मांग कंबोडिया ने की थी। उन्होंने बिना शर्त संघर्षविराम और शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। थाईलैंड पर हमले के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, “हम एक छोटा देश हैं, हमारी वायुसेना भी नहीं है। हम एक तीन गुना बड़ी सेना पर कैसे हमला कर सकते हैं?”

थाईलैंड ने कंबोडिया को बताया जिम्मेदार
थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई ने संघर्ष में नागरिकों की मौत और एक अस्पताल पर हमले के लिए कंबोडिया को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने दावा किया कि थाईलैंड ने लगातार उकसावे और हमलों के बावजूद संयम बनाए रखा है। थाई स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीमा से लगे चार प्रांतों से अब तक 58,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। कंबोडिया में भी 23,000 से ज्यादा लोगों ने अपना घर छोड़ा है।

अब तक थाईलैंड में 19 लोगों और कंबोडिया में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। संघर्ष का केंद्र ता मुएन थोम मंदिर क्षेत्र बना हुआ है, जिस पर दोनों देशों का दावा है।

भारत ने जारी की नागरिकों के लिए एडवाइजरी
कंबोडिया में स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी करते हुए थाईलैंड-कंबोडिया सीमा क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। परामर्श में कहा गया है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए कोई भी भारतीय नागरिक सीमा क्षेत्र की यात्रा न करे।

आपात स्थिति में भारतीय नागरिक दूतावास की हेल्पलाइन +855 92881676 पर संपर्क कर सकते हैं या cons.phnompenh@mea.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This