Home » देश » बेंगलुरु भगदड़: मुंबई भागने की कोशिश में था आरसीबी का मार्केटिंग हेड, पुलिस ने चार लोगों को दबोचा

बेंगलुरु भगदड़: मुंबई भागने की कोशिश में था आरसीबी का मार्केटिंग हेड, पुलिस ने चार लोगों को दबोचा

कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु भगदड़ मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा है। इनमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो मुंबई भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया।

इसके अलावा इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े तीन अन्य लोगों—सुनील मैथ्यू, किरण और सुमंत—को भी हिरासत में लिया गया है। सुनील डीएनए कंपनी में उपाध्यक्ष हैं और आईपीएल से जुड़े कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालते हैं।

बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की पहली आईपीएल जीत के जश्न के दौरान हुई थी। इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी घायलों की हालत अब स्थिर है। पीड़ित परिवारों ने इस भगदड़ के लिए प्रशासन और आयोजकों को जिम्मेदार ठहराया है।

कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
इस हादसे के बाद भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें गैर इरादतन हत्या जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि RCB फ्रेंचाइजी ने बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम का प्रचार सोशल मीडिया पर किया और लोगों को आमंत्रित किया।

हादसे के कुछ ही घंटों बाद चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने RCB टीम, इवेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के प्रतिनिधियों की गिरफ्तारी का आदेश जारी किया था।

केएससीए के दो अधिकारी गिरफ्तार, दो अब भी फरार
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम फिलहाल फरार हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों अपने घरों पर नहीं मिले और उनकी तलाश जारी है।

इस मामले की जांच केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) की टीम कर रही है, जिसका नेतृत्व पुलिस उपायुक्त अक्षय कर रहे हैं। टीम ने रातभर अभियान चलाकर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, आज इन आरोपियों को अपराध जांच विभाग (CID) को सौंपा जा सकता है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी. दयानंद और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही सीमांत कुमार सिंह को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This