Home » मध्य प्रदेश » मध्य प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमोशन, दो लाख रिक्त पदों पर जल्द भर्ती

मध्य प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमोशन, दो लाख रिक्त पदों पर जल्द भर्ती

भोपालः मध्य प्रदेश में 9 साल बाद कर्मचारियों और अधिकारियों को पदोन्नति का रास्ता साफ हुआ है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में नई प्रमोशन नीति को मंजूरी दे दी गई है। इस नीति में आरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है—SC को 16% और ST को 20% आरक्षण मिलेगा। वरिष्ठता के आधार पर मेरिट के अनुसार पदोन्नति की जाएगी। साथ ही, पात्रता का प्रावधान भी तय किया गया है और पदोन्नति समिति को निर्णय लेने के अधिकार दिए गए हैं।

दो लाख नई भर्तियों का रास्ता हुआ साफ

भोपालः मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ी संख्या में भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, अब 6 महीने की गोपनीय चरित्र रिपोर्ट (CR) को पूरे साल के लिए मान्य किया जाएगा। प्रतिनियुक्ति के खाली पदों पर भी प्रमोशन किया जाएगा और सभी रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही, सरकार ने दो लाख नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है, जिससे नई भर्तियों के रास्ते खुल गए हैं।

कैबिनेट में लिए गए कई अहम फैसले

कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। ‘आंगनवाड़ी 2.0’ योजना के तहत प्रदेश में 459 नए आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की भर्ती भी की जाएगी। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार 72 करोड़ रुपये और राज्य सरकार 70 करोड़ रुपये का योगदान देगी।

बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 5163 करोड़ की स्वीकृति, रक्षाबंधन पर लाडली बहनों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

भोपालः मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 5163 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी।

27 जून को MSME दिवस के मौके पर रतलाम में समिट आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 7 जुलाई को राष्ट्रीय इंटरएक्टिव सेशन लुधियाना में होगा। भोपाल में मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर भी तेजी से काम जारी है, और सितंबर-अक्टूबर तक मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेट्रो का उद्घाटन करेंगे।

लाडली बहनों को रक्षाबंधन पर अतिरिक्त ₹2500

कैबिनेट ने यह भी निर्णय लिया है कि रक्षाबंधन के मौके पर लाडली बहनों को 2500 रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। साथ ही, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के हर जिले में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशाखापट्टनम से लाइव जुड़ेंगे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This