Home » मध्य प्रदेश » राहुल गांधी पर बयान देना पड़ा महंगा, कांग्रेस ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई को पार्टी से निकाला

राहुल गांधी पर बयान देना पड़ा महंगा, कांग्रेस ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई को पार्टी से निकाला

भोपाल:
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर उन्हें आगामी छह वर्षों के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया गया है। पार्टी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्रवाई लक्ष्मण सिंह की लगातार पार्टी लाइन के खिलाफ की गई गतिविधियों को देखते हुए की गई है।

रॉबर्ट वाड्रा और राहुल गांधी को लेकर दिए बयान से मचा था बवाल

गौरतलब है कि पिछले महीने कांग्रेस ने लक्ष्मण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उन पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रॉबर्ट वाड्रा और राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप था। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के संदर्भ में लक्ष्मण सिंह ने बयान दिया था कि कांग्रेस को राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा दोनों की अपरिपक्वता से निपटना होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि देश को राहुल गांधी की अपरिपक्वता का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उनके इस बयान से पार्टी के भीतर तीखी प्रतिक्रिया हुई और बड़ा विवाद खड़ा हो गया।

कौन हैं लक्ष्मण सिंह?

लक्ष्मण सिंह मध्य प्रदेश की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे अब तक पांच बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके हैं। 1990 में उन्होंने पहली बार मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए चुनाव जीता था। इसके बाद 1994 में वे राजगढ़ लोकसभा सीट से उपचुनाव जीतकर संसद पहुंचे।

उन्होंने लगातार 1996, 1998 और 1999 में लोकसभा चुनाव जीतकर 11वीं, 12वीं और 13वीं लोकसभा में प्रतिनिधित्व किया। खास बात यह है कि इन सभी चुनावों में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर राजगढ़ से जीत हासिल की।

लक्ष्मण सिंह, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई हैं। उन्होंने 1990-1992, 1993-1994 और 2018 में तीन बार विधायक के रूप में भी सेवाएं दी हैं।

हालांकि बाद में उन्होंने पार्टी बदल ली और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा उम्मीदवार के रूप में वे 2004 में 14वीं लोकसभा के लिए फिर से राजगढ़ से सांसद चुने गए। लेकिन 2009 के लोकसभा चुनाव में वे कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए। इसके बाद जनवरी 2013 में उन्होंने दोबारा कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This