Home » स्पोर्ट्स » Asia Cup 2025: कितनी टीमें लेंगी हिस्सा? यहां जानें आपके हर सवाल का जवाब

Asia Cup 2025: कितनी टीमें लेंगी हिस्सा? यहां जानें आपके हर सवाल का जवाब

एशिया कप 2025 को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर सवालों की भरमार है, जिससे स्थिति को समझना थोड़ा पेचीदा हो गया है। हालांकि टूर्नामेंट का आयोजन इस बार मुश्किल नजर आ रहा है, क्योंकि समय कम है और कई मुद्दों पर अब भी स्पष्टता नहीं है। ऐसे में हम कोशिश कर रहे हैं कि एशिया कप 2025 से जुड़े आपके हर सवाल का जवाब एक-एक करके दें।

सितंबर में हो सकता है एशिया कप 2025 का आयोजन
एशिया कप 2025 का आयोजन इस साल सितंबर में प्रस्तावित है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि टूर्नामेंट होगा या नहीं, क्योंकि इसके आयोजन को लेकर कई पेच फंसे हुए हैं। लेकिन अगर यह टूर्नामेंट होता है, तो इसके लिए सितंबर की विंडो तय की गई है।

इस बार एशिया कप में कुल आठ टीमें भाग ले सकती हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली थी। वहीं, एसीसी प्रीमियर कप में शानदार प्रदर्शन कर हॉन्गकॉन्ग, ओमान और यूएई ने भी टूर्नामेंट में अपनी एंट्री पक्की कर ली है।

एशिया कप 2025 के वेन्यू को लेकर भी असमंजस
हालांकि इस बार एशिया कप का आयोजन भारत में तय किया गया है, लेकिन इसमें भी कई अड़चनें हैं। सबसे बड़ी समस्या पाकिस्तान को लेकर है, क्योंकि इसकी संभावना बेहद कम है कि पाकिस्तानी टीम भारत आकर टूर्नामेंट में हिस्सा ले। ऐसे में अगर एशिया कप होता है, तो पाकिस्तान के मैच श्रीलंका या यूएई जैसे किसी तटस्थ स्थल पर कराए जा सकते हैं।

फिलहाल टूर्नामेंट के लिए केवल विंडो तय हुई है, लेकिन इसका पहला मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा, इस पर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले साल भारत ने श्रीलंका को हराकर एशिया कप जीता था और अब अगले साल टी20 वर्ल्ड कप होना है, इसलिए इस बार का एशिया कप भी टी20 फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। दरअसल पहले से यह नियम तय है कि अगले वर्ल्ड कप का जो भी फॉर्मेट होगा, उससे ठीक पहले होने वाला एशिया कप भी उसी फॉर्मेट में खेला जाएगा।

विराट कोहली और रोहित शर्मा नहीं होंगे एशिया कप 2025 का हिस्सा
अब यह सवाल भी सामने आ रहा है कि क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा एशिया कप 2025 में खेलते नजर आएंगे? इसका सीधा जवाब है—नहीं। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद ही इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी, इसलिए उनके खेलने की कोई संभावना नहीं है।

इतना ही नहीं, रवींद्र जडेजा भी एशिया कप टीम का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि बीसीसीआई की ओर से इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कुल मिलाकर टूर्नामेंट का आयोजन भी फिलहाल अनिश्चित नजर आ रहा है।

भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल
पिछले कुछ हफ्तों से भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हैं। ऐसे माहौल में अगर एशिया कप का आयोजन हो भी जाए, तो भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का होना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा।

हालांकि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के मौजूदा अध्यक्ष मोहसिन नकवी हैं, लेकिन माना जा रहा है कि अंतिम निर्णय भारत की सहमति के बिना नहीं लिया जाएगा। इस समय स्थिति “इंतजार करो और देखो” वाली बनी हुई है। जैसे ही आयोजन को लेकर कोई ठोस अपडेट सामने आता है, आपको जरूर जानकारी दी जाएगी।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This