India vs Pakistan in Asia Cup 2025:
एशिया कप 2025 को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। टूर्नामेंट का आयोजन सितंबर में होने वाला है और जल्द ही इसका आधिकारिक शेड्यूल जारी होने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात को लेकर है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला किस तारीख को होगा। सूत्रों के मुताबिक, इस बहुप्रतीक्षित मैच की संभावित तारीख सामने आ चुकी है, हालांकि अब तक BCCI या ACC की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
एशिया कप 2025: 5 सितंबर से हो सकता है आगाज, 7 सितंबर को भारत-पाक महामुकाबले की संभावना
एशिया कप 2025 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टूर्नामेंट का आगाज 5 सितंबर से हो सकता है, जबकि फाइनल मुकाबला 21 सितंबर को खेले जाने की संभावना है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने टूर्नामेंट का शेड्यूल तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही आधिकारिक रूप से जारी किया जाएगा। टूर्नामेंट कुल 17 दिन तक चलेगा।
7 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच टक्कर
हर बार की तरह इस बार भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता है। खबरों के अनुसार, दोनों टीमें 7 सितंबर को आमने-सामने आ सकती हैं। यह मुकाबला ग्रुप स्टेज का पहला लीग मैच होगा और उस दिन रविवार है, जिससे क्रिकेट फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। इसके अलावा, 14 सितंबर को सुपर 4 राउंड में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और भिड़ंत हो सकती है।
यूएई में होगा आयोजन, भारत रहेगा मेजबान
हालांकि इस बार एशिया कप की मेजबानी भारत के पास है, लेकिन पूरा टूर्नामेंट यूएई में आयोजित किया जाएगा। भारत ‘ऑफिशियल होस्ट’ बना रहेगा, जबकि मैचों का आयोजन यूएई की जमीन पर होगा। इस फैसले पर जल्द ही भारत सरकार की मंजूरी भी मिल सकती है। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और यूएई की टीमें भी हिस्सा लेंगी।
विराट कोहली और रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे एशिया कप 2025, पाकिस्तान के ये खिलाड़ी भी हो सकते हैं बाहर
इस बार एशिया कप का आयोजन टी20 फॉर्मेट में होने जा रहा है, और इसी कारण भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। दोनों फिलहाल टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं और उनके इस फॉर्मेट में वापसी के संकेत भी फिलहाल नजर नहीं आ रहे।
उधर पाकिस्तान टीम की बात करें तो बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी जैसे बड़े नाम भी एशिया कप से बाहर रह सकते हैं, क्योंकि ये खिलाड़ी इस वक्त पाकिस्तान की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में इस बार एशिया कप युवा और नए खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच साबित हो सकता है।



