हेडिंग्ले लीड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच जारी है, जिसकी शुरुआत 20 जुलाई से हुई। मुकाबले के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ा, जबकि ऋषभ पंत 102 गेंदों में 65 रन बनाकर नाबाद लौटे और उनके पास दूसरे दिन शतक पूरा करने का मौका रहेगा। इस बीच, पहले दिन के खेल के बाद बीसीसीआई ने ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है।
बीसीसीआई ने शेयर किया ड्रेसिंग रूम का खास वीडियो
पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद जब शुभमन गिल और ऋषभ पंत ड्रेसिंग रूम में लौटे, तो टीम इंडिया के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने उनका तालियों से जोरदार स्वागत किया। इस खास पल को बीसीसीआई ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में नजर आता है कि केएल राहुल ने शुभमन गिल की पीठ थपथपाकर उनकी शानदार पारी की सराहना की। वहीं, जब ऋषभ पंत ड्रेसिंग रूम में दाखिल हुए तो राहुल ने मजाकिया अंदाज में उनके सामने हाथ जोड़ लिए। पंत की इस पारी में कुछ ऐसे बेहतरीन शॉट्स देखने को मिले, जिसने सभी को चौंका दिया। खासतौर पर पहले दिन के अंतिम ओवर में क्रिस वोक्स की गेंद पर लगाया गया उनका छक्का फैंस के बीच काफी चर्चा में है।
पंत के पास शतक जड़ने का सुनहरा मौका
ऋषभ पंत टेस्ट मैच के दूसरे दिन भी अपनी लय को बरकरार रखना चाहेंगे। अगर वह शुरुआत के कुछ ओवर संभलकर खेल लेते हैं, तो शतक पूरा करने का बेहतरीन मौका उनके पास होगा। पंत पहले ही इंग्लैंड में दो शतक लगा चुके हैं—पहला 2018 में और दूसरा 2022 में। वहीं लीड्स टेस्ट में अपनी 65 रनों की नाबाद पारी के दौरान पंत ने एमएस धोनी का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वह अब SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं।
राहुल ने गंवाया बड़ा मौका, खेला खराब शॉट
केएल राहुल की शुरुआत भी बेहद शानदार रही थी। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और लय साफ नजर आ रही थी, जिससे लग रहा था कि वह भी बड़ी पारी खेलने वाले हैं। लेकिन ब्रायडन कार्स की गेंद पर एक खराब शॉट खेलते हुए राहुल ने अपना विकेट गंवा दिया। वह 78 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें उन्होंने 8 आकर्षक चौके लगाए।






